
अलीराजपुर। भगोरिया मेले की रौनक उस समय मातम में बदल गई, जब 14 वर्षीय किशोर की अचानक चक्कर खाकर गिरने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब तीन बजे मेल ग्राउंड के बाहर की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अनिल पिता जागरसिंह पटेल, निवासी मौरासा के रूप में हुई है।
मृतक के जीजा संजय बामनिया ने बताया कि अनिल गुजरात में मजदूरी करने गया था और 26 फरवरी को ही मजदूरी कर घर लौटा था। वह भगोरिया देखने के बाद अपने घर जाने की बात कह रहा था। सोमवार को वह परिवार और फलिए के लोगों के साथ आलीराजपुर में आयोजित भगोरिया मेला देखने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनिल अपने साथियों के साथ मेले के अंदर जा रहा था, तभी उसे अचानक चक्कर आने लगे। साथ मौजूद लड़कों ने उसे तत्काल नीचे बैठाया और परिजनों को सूचना देने गए। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और अनिल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और कलेक्टर को निर्देश दिए कि डॉक्टरों का पैनल बनाकर पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में शोक व्याप्त है और भगोरिया मेले की खुशियां गम में बदल गईं।
