इंदौर:लसूड़िया थाना क्षेत्र में चोरों ने एक वकील के सूने मकान में धावा बोलकर लाखों रुपए के जेवर, नकदी और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए. बदमाशों ने वारदात के दौरान घर में जमकर तोड़फोड़ भी की. पुलिस को घटनास्थल से मिले सुराग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आशंका है कि वारदात में बांक टांडा गिरोह के बदमाशों का हाथ हो सकता है.
लसूड़िया थाना प्रभारी राजकुमार यादव के अनुसार, सिल्वर पार्क, बाल्याखेड़ा निवासी अधिवक्ता सौरभ पाटोदिया की शिकायत पर लसूड़िया पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. सौरभ ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ 23 जुलाई की शाम एक उद्यापन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम से लौटते समय शिप्रा क्षेत्र में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसके कारण उन्हें देवास में रुकना पड़ा. 26 जुलाई को जब वह घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले. अंदर पहुंचने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था और घर में तोड़फोड़ के निशान मिले. थाना प्रभारी का कहना है कि चोरी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है. घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी
ये सामान चुरा ले गए बदमाश
बदमाशों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने के चार कड़े, पेंडल, अंगूठी, नाक के सोने के कांटे, पूजा में उपयोग होने वाले सोने-चांदी के सिक्के, चांदी की अंगूठियां, पायजेब, नकदी और जमीन के अनुबंध से जुड़े दस्तावेज चोरी कर लिए. सौरभ के मुताबिक चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 8 लाख रुपए से अधिक है. वारदात के दौरान बदमाशों ने घर में रखे टीवी, शोकेस, मंदिर, फर्नीचर और लाइटों को भी नुकसान पहुंचाया.
सीसीटीवी कैमरों में 4 संदिग्ध हुए कैद
घटनास्थल पर पुलिस को कीचड़ से सने चप्पलों के निशान मिले हैं. वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चार से अधिक संदिग्ध नजर आए हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है. सौरभ ने पुलिस को बताया कि कुछ माह पहले उनकी कार में भी बदमाशों ने आग लगा दी थी. उस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया था. उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग भी की है
