
सिवनी। बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाघाट-सिवनी मुख्य मार्ग पर जेवनारा गांव के समीप सोमवार देर शाम को एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना एक तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत के कारण हुई। इस घटना का मंगलवार को वीडियो भी सामने आया है।वीडियो में दिख रहा है कि एक यात्री बस बालाघाट से सिवनी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बरघाट की दिशा से आ रही एक बाइक पर दो युवक सवार थे। जेवनारा गांव के पास पहुंचते ही बस और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल बरघाट में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक की पहचान शंकरलाल पिता समरलाल इनवाती (30) निवासी बेहराई उमरवाड़ा के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम रामप्रसाद कंगाली (30) है, जो बेहराई उमरवाड़ा का ही निवासी है।
