कीर्तिपूर, 22 मई (वार्ता) ईशान पांडे (84) और दीपेंद्र सिंह ऐरी (54) की अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत नेपाल ने शुक्रवार को आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्वकप लीग 2 के एकदिवसीय मुकाबले में अमेरिका को 122 रनों से शिकस्त दी।
आज यहां अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल ने निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 318 रनों का स्कोर खड़ा किया। ईशान पांडे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों में सर्वाधिक 84 रनों की पारी खेली। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 36 गेंदों में 59 रन, कप्तान रोहित पौडेल ने 46 रन और आसिफ शेख ने 43 रनों का योगदान दिया।
318 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिका की पूरी टीम नेपाल के गेंदबाजी आक्रमण के आगे 41.2 ओवरों में 195 रन पर सिमट गई, और नेपाल यह मुकाबला 122 रनों से अपने नाम कर लिया। अमेरिका के लिए संजय कृष्णमूर्ति ने सबसे अधिक 56 रन बनाए। नोस्तुश केंजीगे (29), शायन जहांगीर (27), शेहान जयसूर्या (26), कप्तान सैतेजा मुक्कमल्ला ने (22) रन बनाये।
नेपाल के लिए स्पिनर संदीप लामिछाने ने तीन विकेट लिये। ललित राजबंशी और गुलशन झा को 2-2 विकेट मिले।
