
इंदौर. एमआईजी थाना क्षेत्र के पाटनीपुरा स्थित दिगंबर जैन मंदिर में चोरी की वारदात सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बेखौफ बदमाशों ने तड़के मंदिर का ताला तोड़ा, जूते पहनकर भीतर घुसे और दानपेटी उठाकर ले गए. चौंकाने वाली बात यह है कि इस वारदात में दो युवक ही नहीं, बल्कि एक महिला भी शामिल थी, जो सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रही है.
मंदिर समिति ने पुलिस को बताया कि चोरी तड़के करीब 4.30 से 5.30 बजे के बीच हुई. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि तीनों आरोपी बाइक से मंदिर पहुंचे और करीब एक घंटे तक परिसर में घूमते रहे. पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने चेहरे ढंके हुए थे, आंखों पर चश्मा लगाया था और हाथों में दस्ताने पहने हुए थे. बताया जा रहा है कि बदमाश अपने साथ हथियार भी लेकर आए थे. घटना का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ, जब मंदिर के पुजारी शैलेंद्र कुमार जैन पूजा के लिए पहुंचे. उन्होंने मंदिर का ताला टूटा देखा और अंदर जाकर जांच की तो दानपेटी गायब मिली. इसके बाद मंदिर अध्यक्ष पवन जैन सहित अन्य पदाधिकारियों को सूचना दी गई और एमआईजी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समाजजन थाने पहुंचे. पवन जैन, दीपक जैन, विकास जैन, मनीष जैन, आकाश जैन, स्वतंत्र जैन, नीतेश जैन, जितेंद्र जैन, नरेश जैन, महेश जैन, मुकेश जैन सहित अन्य लोगों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. समाजजनों का कहना है कि मेन रोड पर स्थित मंदिर में बदमाश करीब एक घंटे तक सक्रिय रहे और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी, जो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. समाज की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि एक दो दिन में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो रविवार सुबह मंदिर से थाना तक पदाधिकारी और श्रद्धालु णमोकार मंत्र का जाप करते हुए रैली निकालेंगे. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा.
