
इंदौर. धार रोड स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी के गेट के सामने बने कट पर बुधवार सुबह स्कूल बस और लोडिंग वाहन की भिड़ंत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूल बस बच्चों को लेने के लिए निकली थी. संयोग से टक्कर के समय बस में एक भी बच्चा मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होते होते टल गया.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि सुबह के समय कट से गुजरते हुए लोडिंग वाहन अचानक सामने आ गया. इसी दौरान स्कूल बस उससे टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का साइड हिस्सा दब गया, जबकि लोडिंग वाहन का आगे का भाग क्षतिग्रस्त हो गया. टक्कर के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात रुक गया. हादसे की सूचना पर चंदननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया. प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की वजह बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
