
इंदौर. तेजाजी नगर क्षेत्र में बुधवार–गुरुवार की दरमियानी रात बड़ा सड़क हादसा हो गया. राजस्थान से लौट रहे लोगों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे उसमें सवार 11 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताया कि हादसा देर रात करीब 3 बजे ब्रिज के पास हुआ. बोलेरो तेज रफ्तार में थी और अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया. इसी दौरान वाहन सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में बैठे कई यात्री उछलकर घायल हो गए. इस हादसे में तेजसिंह पिता थारवा, धर्मेंद्र पिता वालसिंह, सबूर पिता जितरा, मनसुख पिता हार्डिया, मानसिंह पिता जितरा, लालू पिता गजिया, पिंटू पिता मांगीलाल, कालू सिंह डोगर और सादिया समेत अन्य लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां कालू सिंह और सादिया की हालत गंभीर बताई जा रही है. घायल मानसिंह ने पुलिस को बताया कि सभी लोग राजस्थान के बांसवाड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं और खेती किसानी से जुड़े हैं. रात में रास्ते में एक ढाबे पर भोजन करने के बाद वे अपने गांव लौट रहे थे. हादसे के समय बोलेरो में सवार अधिकांश लोग सो रहे थे, जिससे टक्कर लगते ही चीख पुकार मच गई. तेजाजी नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यातायात सुचारु कराया. पुलिस हादसे की जांच कर रही है.
