छतरपुर: शहर के महोबा रोड स्थित गुरुद्वारे के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर बस स्टैंड चौराहे के पास उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल की पहचान गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के बरद्वाहा गांव निवासी 32 वर्षीय लोकपाल सिंह घोषी के रूप में हुई है, जो बाइक से शहर आ रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ तो जुट गई, लेकिन घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। ऐसे में सरबजीत सिंह और उनके साथियों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना घायल लोकपाल सिंह को अपनी बाइक से जिला अस्पताल पहुंचाया। सरबजीत सिंह ने बताया कि घायल की हालत गंभीर थी, इसलिए समय बर्बाद करने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी समझा। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
इधर, ट्रैक्टर चालक के फरार होने पर स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे बस स्टैंड चौराहे पर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक की पहचान पाठापुर रोड निवासी काशीराम यादव के रूप में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद शहर में बिना नंबर प्लेट चल रहे ट्रैक्टरों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर ऐसे वाहन खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनीस खान ने ट्रैफिक पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कथित रूप से “मंथली सुविधा शुल्क” के कारण ऐसे वाहनों पर कार्रवाई नहीं होती। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
