सीधी : सीधी शहर में बेहतर एवं व्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। विधायक रीती पाठक के प्रयासों से शहर में सीवर लाइन व्यवस्था विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एमपीयूडीसी) की टीम द्वारा सीवर लाइन के लिए सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ किया गया है।
सर्वेक्षण के आधार पर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाएगा, जिसके बाद सीवर लाइन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। विधायक रीती पाठक द्वारा सीधी शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
शहर में व्यवस्थित जल निकासी और सीवर व्यवस्था की आवश्यकता को देखते हुए इस दिशा में पहल की गई है। प्रस्तावित परियोजना से घरेलू अपशिष्ट जल के व्यवस्थित निस्तारण के साथ जलभराव की समस्या को कम करने तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। एमपीयूडीसी की टीम द्वारा प्रारंभ किए गए सर्वेक्षण के संबंध में कलेक्टर विकास मिश्रा ने टीम से चर्चा की। उन्होंने शहर की वर्तमान जल निकासी व्यवस्था, प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्रों और भविष्य की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण कार्य व्यापक एवं तकनीकी रूप से सटीक तरीके से किया जाए ताकि तैयार होने वाली डीपीआर शहर की वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य के विस्तार को भी ध्यान में रखकर तैयार हो।
कलेक्टर ने सर्वेक्षण के दौरान शहर के प्रमुख क्षेत्रों, मौजूदा नालियों, जल निकासी मार्गों, जलभराव वाले स्थानों तथा सीवर नेटवर्क के संभावित मार्गों का समुचित अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सर्वेक्षण एवं डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा। एमपीयूडीसी टीम द्वारा सर्वेक्षण के दौरान शहर की भौगोलिक स्थिति, मौजूदा जल निकासी व्यवस्था तथा संभावित सीवर नेटवर्क से जुड़े तकनीकी पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है। सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सीवर लाइन नेटवर्क एवं आवश्यक अधोसंरचना का निर्धारण किया जाएगा।
विभिन्न चरणों का विस्तृत विवरण होगा शामिल
सर्वेक्षण पूर्ण होने के बाद तैयार की जाने वाली डीपीआर में प्रस्तावित सीवर नेटवर्क, आवश्यक अधोसंरचना, तकनीकी आवश्यकताओं और कार्य के विभिन्न चरणों का विस्तृत विवरण शामिल किया जाएगा। आवश्यक स्वीकृतियों एवं प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के पश्चात सीवर लाइन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सीवर लाइन परियोजना सीधी शहर के सुनियोजित विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे शहर की जल निकासी व्यवस्था को दीर्घकालिक एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के साथ बढ़ती आबादी और भविष्य के शहरी विस्तार के अनुरूप आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने में मदद मिलेगी।
