भोपाल। राजधानी में अतिरिक्त कलेक्टर के निर्देश पर जिला खाद्य प्रशासन ने अवैध सिलेंडर की सप्लाई को लेकर कार्रवाई की. यह कार्रवाई शहर के न्यू मार्केट, जहांगीराबाद व अन्य क्षेत्रों में होटल एवं रेस्टोरेंट पर की गई. इस दौरान 35 गैस सिलेंडरों को जब्त किए गए.
जिला खाद्य अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन के नेतृत्व में टीम ने आरके गैस एजेंसी के भदभदा रोड, न्यू मार्केट गोदाम पर जांच की साथ ही गैस सिलेंडरों के स्टॉक की और एजेंसी में कार्यरत समस्त कर्मचारियों की जानकारी ली गई. जांच दल ने जमील टी स्टॉल शब्बन चौराहा जहांगीराबाद पर घरेलू गैस सिलेंडरो का व्यवसायिक उपयोग करने पर टी स्टाल के संचालक नवेद अहमद से 1 सिलेंडर जब्त किया. इसी तरह शब्बन चौराहा जहांगीराबाद पर खड़ी गैस पॉइंट का डिलीवरी वाहन में 30 नग व्यवसायिक गैस सिलेंडर पूरे भरे पाए गए वाहन चालक जुबैर के द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण मौके से जुबैर से वाहन के साथ 30 नग सिलेंडर जप्त किए गए. वहीं मुस्कान इलेक्ट्रीकल जहांगीराबाद की दुकान से घरेलू गैस सिलेंडर से लोकल कंपनी गैस सिलेंडर में गैस का अंतरण करते पाए जाने के कारण संचालक साकिब उ$र्फ कासिम से 3 नग घरेलू 1 नग व्यवसायिक एवं एक नग लोकल छोटा गैस सिलेंडर को जब्त करने की कार्रवाई की गई. इस तरह कुल 35 सिलेंडरों को जब्त करने की कार्रवाई की गई.
इनका कहना है
घरेलू गैस सिलेंडर की पैनिक बुकिंग में कमी आई है. वहीं अवैध सिलेंडरों की सप्लाई पर कार्रवाई की गई. निजी गैस कंपनी पर सिलेंडर जब्ती की कार्रवाई की गई है. कामर्शियल सिलेंडरों पर अभी वहीं नियम लागू हैं.
सुमित कुमार पाण्डे, आईएएस, अतिरिक्त कलेक्टर, भोपाल
