![]()
उज्जैन। जीयो वाईफाई की राशि रिफंड कराने के लिये वृद्ध को गूगल पर कस्टमर केयर नम्बर सर्च करना भारी पड़ गया। शातिर ठग ने क्यूआर कोड भेज खाते से 3 बार ट्रांजेक्शन किया और 43 हजार के लगभग राशि निकाल ली। 8 माह बाद पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
नागदा थाना एसआई वीरेन्द्रसिंह चौहान ने बताया कि आदिनाथ कालोनी में रहने वाले सलीम पिता बाबू खान 55 साल के साथ 12 जुलाई 2025 को आनलाईन 42 हजार 990 रूपये की धोखाधड़ी हुई थी। मामले की शिकायत सलीम खान ने साइबर सेल को दर्ज कराई थी, जहां से अब धोखाधड़ी करने वाले की जानकारी सामने नहीं आई तो उन्होने 8 माह बाद थाने आकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की ओर से अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। सलीम खान ने बताया कि उन्हें जीयो वाईफाई से 2221 राशि का रिफंड लेना था। जिसके चलते उन्होंने जीयो वाईफाई से संपर्क करने के लिये गूगल पर कस्टमर केयर नम्बर सर्च किया। नम्बर मिलने पर उन्होंने कॉल किया और राशि रिफंड की बात कहीं। कॉल रिसिव करने वाले ने कहा कि वाट्सएप पर क्यूआर कोड भेज रहा हूं। स्कैन कर अपना पासवर्ड डालना, आपकी राशि रिफंड हो जायेगी। सलीम खान ने क्यूआर कोड स्कैन कर पासवर्ड डाल दिया। कुछ देर बाद उनके खाते से पहली बार 39993, दूसरी बार 999 और तीसरी बार में 1998 रूपये का ट्रांजेक्शन हो गया। खाते से 42 हजार 990 रूपये निकलने का मैसेज मिलते ही उन्हे धोखाधड़ी का आभास हुआ। एसआई चौहान के अनुसार पुलिस अब अज्ञात बदमाश का पता लगाने के लिये बैंक से जानकारी प्राप्त कर पता लगाये कि उक्त राशि किस खाते में ट्रांसफर की गई है।
