इंदौर से शुरू हुआ सांस्कृतिक नवाचार, अत्याधुनिक गीता भवन समर्पित

इंदौर. गीता जयंती पर इंदौर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए गीता भवन का लोकार्पण किया और घोषणा की कि प्रदेश के हर नगर में इसी तर्ज पर गीता भवन विकसित किए जाएंगे.

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव और गीता जयंती के अवसर पर शनिवार को इंदौर को एक ऐतिहासिक सौगात मिली. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजवाड़ा स्थित गोपाल मंदिर परिसर में विकसित राज्य के पहले अत्याधुनिक गीता भवन का लोकार्पण किया. यह भवन परंपरा और आधुनिकता का समन्वय प्रस्तुत करता है और धार्मिक-सांस्कृतिक अध्ययन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तैयार किया गया है. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब प्रदेश के सभी नगर निगम, नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में भी इसी मॉडल पर गीता भवन विकसित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि मालवा की सांस्कृतिक विरासत, कृष्ण भक्ति और गीता का संदेश मध्यप्रदेश की दिशा तय करते हैं. गीता के प्रत्येक अध्याय में ज्ञान, दर्शन, विज्ञान, योग और कर्तव्य की भावना निहित है और यही जीवन के हर चरण में मार्गदर्शन प्रदान करती है.

 

कार्यक्रम में उन्होंने गीता जयंती पर आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा भी की और बताया कि विजेताओं को नगद राशि के साथ ई-रिक्शा, ई-बाइक और लैपटॉप प्रदान किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने भगवान कृष्ण के जीवन से संगठन, साहस, धर्मरक्षा और अन्याय के प्रतिकार का संदेश याद दिलाते हुए कहा कि गीता संकट में बल और संघर्ष में आत्मबल देती है. इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, श्रवण चावड़ा, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, गौरव रणदिवे सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर भारत न्यास द्वारा प्रकाशित ‘श्रीकृष्ण चरित मानस’ और ‘अमृतस्य अवंतिका’ का भी विमोचन किया. उन्होंने ‘श्रीकृष्ण चरित मानस’ के लेखक रामेश्वर लखनलाल पाटीदार को पाँच लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की. इसके बाद मुख्यमंत्री ने कृष्ण लीलाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी देखी. कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोपाल मंदिर में पूजन-अर्चन कर प्रदेश की समृद्धि की कामना की. उन्होंने मंदिर परिसर में निर्मित डिजिटल लाइब्रेरी और प्रदर्शनी विथिका का अवलोकन भी किया.

 

अत्याधुनिक सभागृह और नई लाइब्रेरी

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बने इस गीता भवन में 550 सीटों वाला अत्याधुनिक सभागृह विकसित किया है, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रवचनों और शैक्षणिक आयोजनों के लिए उन्नत सुविधाएं उपलब्ध हैं. इसके साथ ही 50-सीटर आधुनिक रीडिंग हॉल, समृद्ध डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स, व्याख्यान, ऑनलाइन कोर्स और आध्यात्मिक साहित्य का विशाल संग्रह नागरिकों के लिए तैयार किया है. लाइब्रेरी की आंतरिक सज्जा को शांत और एकाग्रता बढ़ाने वाले वातावरण के अनुरूप डिजाइन किया है. परिसर में प्रदर्शनी कक्ष भी विकसित किए हैं, जिससे यह स्थल धार्मिक विरासत के साथ कला-संस्कृति के उन्नयन का भी केंद्र बनेगा.

Next Post

लोकायुक्त ने उपनिरीक्षक को दबोचा थाने में जमानत और ट्रैक्टर छुड़ाने के नाम पर मांगे थे 12 हजार 

Mon Dec 1 , 2025
इंदौर. लोकायुक्त टीम ने धार में थाना राजोद पर कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक और उसके कहे पर पैसे लेने आए एक निजी व्यक्ति को 10 हजार रुपयों की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. उपर से कार्रवाई तेज रखने और भ्रष्टाचार पर सख्ती के निर्देश के बाद लोकायुक्त ने यह […]

You May Like