
झाबुआ. झाबुआ में गांधी जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान गतिविधियों की श्रृंखला में फिट इंडिया खेल सत्र के तहत स्वच्छता साइकिल रैली एवं वृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस एवं होमगार्ड जवानों, स्कूली छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
साइकिल रैली के शुभारंभ से पूर्व कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में उपस्थितजनों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा जिले को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता का संकल्प दिलाया। इसके बाद कलेक्टर डॉ. भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार की उपस्थिति में स्वच्छता साइकिल रैली को रवाना किया गया।
रैली कलेक्टर कार्यालय से प्रारंभ होकर राजगढ़ नाका, गोपाल कॉलोनी, कॉलेज रोड, राजवाड़ा चौक, सांदीपनी विद्यालय रोड, बस स्टैंड, जेल चौराहा, दिलीप गेट और मेघनगर नाका होते हुए रंगपुरा स्थित अनास नदी घाट पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और नियमित साइकिलिंग को अपनाने का संदेश दिया।
अनास नदी घाट पर सामूहिक श्रमदान
साइकिल रैली के समापन के बाद रंगपुरा स्थित अनास नदी घाट एवं आसपास के क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर डॉ. भरसट और पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान किया। इस दौरान क्षेत्र से कचरा एवं प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्रित कर उसका समुचित निस्तारण किया गया।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है और जनभागीदारी के माध्यम से ही इसे स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर और कार्यस्थल के साथ सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती है, इसलिए दैनिक जीवन में इसके विकल्पों को अपनाना आवश्यक है।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना है। स्वच्छता के साथ स्वस्थ जीवनशैली को भी दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। नियमित साइकिलिंग और अन्य शारीरिक गतिविधियों को अपनाकर स्वयं को स्वस्थ रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने नदी घाट एवं आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ स्थानीय नागरिकों और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से ही नदी घाट की स्वच्छता को स्थायी रूप से बनाए रखा जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक ने दिलाया स्वच्छता का संकल्प
वृहद सफाई अभियान के बाद पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने उपस्थितजनों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से स्वयं स्वच्छता अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्वच्छता साइकिल रैली और सामूहिक श्रमदान के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के मूल भाव सेवा मेरा योगदान को साकार करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार झाबुआ के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश कुमार मंडलोई, सीएमओ मिलन पटेल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
