कलेक्टर का निरीक्षण:पढ़ाई के लिए छात्रों को सराहा, गंदगी पर हुये नाराज

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने शुक्रवार को आवासीय मॉडल हॉस्टल चुरहट का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से शैक्षणिक संवाद किया और उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए जाने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और पेन पुरस्कार प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास में साफ-सफाई एवं प्रबंधन की व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने अधीक्षक माखन लाल साकेत के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। विद्यार्थियों ने छात्रावास में शौचालय निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं होने की शिकायत भी कलेक्टर के समक्ष रखी। इस पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदार को एक माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण नहीं होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

निरीक्षण के दौरान परिसर में कार्यरत श्रमिकों से कलेक्टर ने उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने श्रमिकों से संबल कार्ड, जॉब कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड के संबंध में जानकारी ली। श्रमिकों ने बताया कि उनके कार्ड नहीं बने हैं। इस पर कलेक्टर ने श्रम अधिकारी को निर्देशित करते हुए पात्रतानुसार सभी श्रमिकों के कार्ड बनवाने तथा इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने सहायक आयुक्त के.के. पाण्डेय को जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित संस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों की व्यवस्थाओं में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लापरवाह अधीक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार हटाने अथवा निलंबन का प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कहा कि आदिवासी एवं अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रावासों में बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विद्यार्थियों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उनके शोषण की शिकायत पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त के.के. पाण्डेय, मंडल संयोजक संजय सिंह चौहान, अधीक्षक माखन लाल साकेत, संस्था के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं छात्र उपस्थित रहे।

Next Post

सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण का संकल्प लिया 

Fri Oct 2 , 2026
आलीराजपुर। सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के संकल्प के साथ आज स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियो ने स्वच्छता एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों में सहभागिता की गई। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ समाज के […]

You May Like