राजस्थान में 309 नगरीय निकायों में मतगणना शुरु

जयपुर 14 सितंबर (वार्ता) राजस्थान में 309 नगरीय निकायों में सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार सुबह आठ बजे शुरु हो गई।

निर्वाचन विभाग के अनुसार दस नगर निगमों, 47 नगर परिषद एवं 252 नगरपालिकाओं के दो चरणों में गत नौ एवं ग्यारह सितंबर को मतदान के बाद आज संबंधित सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरु हो गई। सबसे पहले डाक मत पत्रों की गिनती की जा रही है और इसके बाद इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मतों की गिनती की जायेगी और रुझान मिलने शुरु हो जायेंगे तथा धीरे धीरे परिणाम भी घोषित होने लग जायेंगे।

मतगणना में इन निकायों में चुनाव लड़े 38 हजार 889 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला हो जायेगा। मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं इंतजाम किए गए हैं और बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के मतगणना केंद्र में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया गया। दोनों चरणों में दस हजार 167 वार्डों के लिए मतदान हुआ जबकि 77 वार्डों में सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो गया।

पहले चरण में नौ सितंबर को 162 नगर निकायों में सदस्य पदों के लिए चुनाव हुआ जिसमें चार नगर निगम, 27 नगरपरिषद एवं 131 नगरपालिका शामिल थी और इनमें 73 नवगठित नगरीय निकाय है। पहले चरण में इन निकायों में 76.42 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में 11 सितंबर को छह नगर निगम, 20 नगरपरिषद एवं 121 नगरपालिकाओं सहित 147 नगरीय निकायों में चुनाव हुआ जिनमें 40 नवगठित नगरीय निकाय शामिल हैं। दूसरे चरण में 71.69 प्रतिशत मतदान रहा।

निकायों में सदस्य पदों पर चुनाव के बाद 21 सितंबर को निकाय के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।

 

Next Post

ईरान के साथ भविष्य की बातचीत परमाणु कार्यक्रम पर केंद्रित हो-अमेरिका

Mon Sep 14 , 2026
वॉशिंगटन, 14 सितंबर (वार्ता) अमेरिका ने कहा है कि ईरान के साथ भविष्य की बातचीत केवल उसके परमाणु कार्यक्रम पर केंद्रित होनी चाहिए न होर्मजु जलडमरुमध्य विवाद पर। सीएनएन ने सूत्रों के हवाले से यह रिपोर्ट दी है। सीएनएन के अनुसार तीन सूत्रों ने बताया कि ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों […]

You May Like