जंगली जानवर ने हिरण का किया शिकार, छौना सुरक्षित

शाजापुर। जिले में जंगली जानवर की दहशत बनी हुई है और जंगल में मिल रहे हिरणों के शव ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहे हैं. मंगलवार को भी एक हिरण का शव सारंगपुर-सलसलाई रोड पर पड़ा मिला. हालांकि शिकार करते हुए जंगली जानवर को एक महिला ने जरूर देखा लेकिन वह भी जानवर की पहचान नहीं कर पाई, जिससे यह तो तय है कि जंगली जानवरों की यहां हलचल है, लेकिन जानवर कौन सा है इसकी जांच वन विभाग की टीम कर रही है.

अकोदिया स्थित सलसलाई-सारंगपुर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे एक जंगली जानवर ने मादा हिरण का शिकार किया, तभी वहां से गुजर रही एक महिला की नजर उस पर पड़ गई. घबराहट में महिला केवल इतना ही देख पाई कि उस जानवर के शरीर पर काली और पीले रंग की धारियां बनी हुई थी, जिसके बाद उसने घबराकर शोर मचा दिया जिससे जानवर अपने शिकार को वहीं छोडक़र भाग निकला. मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने महिला कभी उस जंगली जानवर को तेंदुआ बता रही थी तो कभी छोटे कद का जानवर कह रही थी. इस घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत फैल गई है, सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने वहां शव को देखा. मौके पर पहुंचे वन विभाग के रेस्क्यू एक्सपर्ट हरीश पटेल ने बताया कि जहां जानवर ने शिकार किया वहां जानवर के पगमार्क नहीं मिले हैं. जिससे यह कह पाना फिलहाल मुश्किल है कि शिकार करने वाला जानवर कौन सा था, हिरण के मुंह पर और गर्दन पर खरोंच के निशान मिले हैं. फिलहाल हिरणी के शव का पीएम करवाया गया है जिससे पता चल सके कि शिकार किस जानवर ने किया है, उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

हिरणी को मारा, हिरणी के बच्चे को छोड़ा

जिस जंगली जानवर ने यह शिकार किया है उसने हिरणी को तो मार दिया, लेकिन छौना हिरणी का बच्चा को छोड़ दिया, जो अपनी मां के शव के पास काफी देर तक लेटा रहा. जब वन विभाग की टीम शव को ले जा रही थी उस समय वह उसके बच्चे को भी अपने साथ ले आए ताकि उसकी देखभाल की जा सके. इसके बाद टीम ने शव का पीएम किया, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि यह काम किस जानवर का है.

दो माह से दहशत में जी रहे है ग्रामीण…

 

दिसंबर माह से ही जंगली जानवर की उपस्थिति ने ग्रामीणों की नींद उड़ा रखी है, जनवरी माह में तो ग्रामीणों ने तेंदुए को अपनी आंखों से देखा था, यही वजह थी कि हिरण का या किसी भी जानवर का शव मिलने पर तेंदुए के होने का शक जताते हैं, वन विभाग की टीम भी इस बात से वाकिफ है कि तेंदुआ भी हो सकता है, लेकिन फिलहाल टीम द्वारा जांच की जा रही है.

 

इनका कहना है

हिरणी पर कुत्तों ने हमला किया होगा जिससे उसकी मौत हुई है, शव का पीएम करवाया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

-पुष्पलता मौर्य, रेंजर, शाजापुर

Next Post

भैंसवाधाम मेले से लौटे मऊ के 50 ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी; टंकी का पानी पीने से फूड पॉइजनिंग की आशंका

Tue Feb 10 , 2026
पड़ाना/ब्यावरा। सारंगपुर तहसील के पड़ाना कस्बे के समीप ग्राम मऊ के ग्रामीणजन भैंसवाधाम स्थित मेले में रविवार को टे्रक्टर ट्रॉली से गये हुए थे. वहां से लौटने के बाद से ही 45 से 50 ग्रामीणों को उल्टी-दस्त, घबराहट, चक्कर आने की शिकायत होने लगी. इनमें बड़े, बच्चे सभी शामिल है. […]

You May Like