मुंबई, 10 फरवरी (वार्ता) अभिनेता निखिल सिद्धार्थ का कहना है कि उनकी आने वाली फिल्म ‘स्वयंभू’ सेंगोल के इतिहास को बड़े पर्दे पर लाएगी। सेंगोल हाल ही में तब चर्चा में आया था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई संसद भवन के उद्घाटन समारोह के दौरान इसे स्थापित किया। फिल्म स्वयंभू में लीड रोल निभा रहे निखिल सिद्धार्थ ने फिल्म की कहानी की जड़ों के बारे में बात की है। उन्होंने बताया कि फिल्म भारतीय इतिहास और संस्कृति से जुड़ी है और इसकी प्रेरणा सेंगोल से ली गई है। सेंगोल को सही शासन, न्याय और नैतिक ताकत का प्रतीक माना जाता है, और यही सोच फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाती है।
निखिल ने कहा , “स्वयंभू की कहानी भारतीय इतिहास के एक बहुत खास और यूनिक पहलू से निकली है, और वो है सेंगोल का इतिहास। आज हम में से ज़्यादातर लोग सेंगोल को उस प्रतीक के तौर पर जानते हैं, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के उद्घाटन के समय स्थापित किया, लेकिन बहुत कम लोग इसके पीछे का समृद्ध इतिहास जानते हैं। सेंगोल सबसे पहले भगवान राम ने अपने वंशज को दिया था। यह धर्मपूर्ण शासन, न्याय और सही तरीके से शासन करने की शक्ति का प्रतीक है। यह सेंगोल भारत के इतिहास में आगे बढ़ता रहा और चोल साम्राज्य जैसे महान भारतीय साम्राज्यों में इसका खास महत्व रहा। हमने सेंगोल और अपने हीरो को केंद्र में रखकर एक फिक्शनल कहानी रची है।”
इस बीच मेकर्स ने ऐलान किया है कि स्वयंभू का टीज़र 11 फरवरी को दो शहरों में एक साथ होने वाले ग्रैंड पैन-इंडिया इवेंट में लॉन्च किया जाएगा।
फिल्म स्वयंभू को पिक्सल स्टूडियोज़ के भुवन और श्रीकर ने प्रोड्यूस किया है। भारत के समृद्ध इतिहास और कालातीत गौरव को समर्पित इस भव्य फिल्म को 13 फरवरी 2026 को दुनिया भर में रिलीज़ किया जाएगा।

