छतरपुर: बागेश्वर धाम की एक महिला श्रद्धालु की लापरवाही से उनकी तबीयत गंभीर हो गई। जानकारी के अनुसार, सूरत (गुजरात) की रहने वाली 55 वर्षीय गायत्री अग्रवाल घुटनों के दर्द से परेशान थीं और पिछले एक साल से हरि ओम पैलेस में रहकर बागेश्वर धाम में सेवा कर रही थीं।
महिला ने घुटनों की मालिश के लिए दी गई दवा को गलती से पी लिया। दवा तेजाब जैसी होने से उनका मुंह जलने लगा और जीभ काली पड़ गई। महिला ने उल्टी की और कुछ देर बाद बेहोश हो गईं।
साथ में मौजूद सरिता नामक श्रद्धालु ने तुरंत उन्हें टैक्सी से जिला अस्पताल पहुँचाया। यहाँ डॉक्टर नीरज सोनी ने उन्हें मेडिकल वार्ड में भर्ती किया। फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।गायत्री अग्रवाल ने बताया कि वह 12 नवंबर से बागेश्वर धाम में अर्जी लगा रही थीं, लेकिन घुटनों के दर्द से उन्हें कोई राहत नहीं मिल रही थी। इसलिए उन्होंने एक देसी वैद्य से दवा ली थी।
