
इंदौर. एरोड्रम थाना क्षेत्र में एक युवक को फोन पर सम्मान से बात न करने का आरोप झेलना महंगा पड़ गया. नाराज होकर उसके ही दोस्त ने घर आकर चप्पल से पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी भी दे डाली. पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
मामला मारुति पैलेस निवासी कमल पिता तुलसीराम पगारे का है, जिसने अनिल पिता परसराम कोरे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है. कमल ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त अनिल को खेडीघाट घूमने चलने के लिए फोन किया था. बातचीत के कुछ देर बाद ही अनिल रात में उसके घर पहुंचा और बाहर बुलाकर पूछने लगा तूने फोन पर इज्जत से बात क्यों नहीं की? कमल ने सफाई दी कि उसने कोई गलत बात नहीं कही थी, लेकिन अनिल ने गाली-गलौज करते हुए चप्पल से पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी. पुलिस ने अनिल कोरे के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
