इंदौर: संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी द्वारा आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस असिस्टेंट कमांडेंट परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को संभागायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा के सुचारु संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई.
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देशन में आयोजित बैठक में परीक्षा प्रभारी एवं उपायुक्त राजस्व सपना लोवंशी ने बताया कि परीक्षा 19 जुलाई को इंदौर के 6 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 2,398 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो सत्रों में होगी. पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा.
अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा. परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे, इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है. परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच एवं अन्य डिजिटल उपकरणों पर प्रतिबंध रहेगा. अभ्यर्थी केवल एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो, ब्लैक बॉल पेन और पेंसिल ही परीक्षा कक्ष में ले जा सकेंगे.
निर्बाध आपूर्ति करने के निर्देश
बैठक में यूपीएससी के पर्यवेक्षक जितेंद्र शर्मा, पोस्टमास्टर जनरल अजय बाफना, सीएमएचओ डॉ. माधव प्रसाद हासानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. अधिकारियों को सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
