
जबलपुर । यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल की पोस्ट जबलपुर ने एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। गहन चेकिंग के दौरान जबलपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम ने एक संदिग्ध युवक को रंगे हाथों पकड़ा, जो यात्रियों का मोबाइल चोरी करने का प्रयास कर रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान सोहेल पिता मोहम्मद अलीम, उम्र 22 वर्ष, निवासी बड़ा मदारछल्ला, थाना हनुमानताल, जबलपुर के रूप में हुई है, जो थेफ़्ट ऑफ़ पैसेंजर बेलोंगिंग्स श्रेणी का अपराधी है।पकड़े गये शातिर अपराधी के खिलाफ कई अपराध पंजीबद्ध दर्ज हैं आरपीएफ टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करते हुए उसे जीआरपी जबलपुर को सुपुर्द किया गया।
