
जबलपुर। मदनमहल थाना अंतर्गत शिवाजी चौक पर गेट नंबर 4 की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार टाटा पंच कार ने सड़क पार कर रही हुंडई कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में हुंडई कार सवार युवक के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेठीनगर, गुप्तेश्वर निवासी 23 वर्षीय शिवम जायसवाल एक निजी दवा दुकान में कार्यरत हैं। वह अपनी हुंडई कार क्रमांक एमपी 20 एक्स बी 9107 से मदनमहल के आमोदा क्षेत्र में अपने मामा से मिलने गए थे। मुलाकात के बाद जब वह होम साइंस कॉलेज रोड से होते हुए शिवाजी चौक पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। गेट नंबर 4 की तरफ से आ रही सफेद रंग की टाटा पंच कार क्रमांक एमपी 15 जीएम 4869 का चालक वाहन को अत्यंत लापरवाही और तेज गति से चला रहा था। शिवाजी चौक पर टाटा पंच ने शिवम की कार के बाईं ओर जोरदार टक्कर मारी, जिससे कार अनियंत्रित होकर गार्डन के सामने जा रुकी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिवम के दोनों घुटनों में गंभीर चोटें आई हैं।
