
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत शिवनगर में एक रसूखदार महिला ने मेहनताना मांगने पर अपनी पूर्व घरेलू सहायिका की न केवल बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसे बीच सड़क पर बाल पकड़कर पटका और जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस ने बताया कि पूनम वर्मन निवासी शिवनगर की बंगलों में साफ-सफाई का काम कर अपना गुजर-बसर करती है, वह आरोपी अंजू पाण्डेय के यहाँ काम करती थी। दो महीने का वेतन न मिलने के कारण पूनम ने वहां काम छोड़ दिया था। 1 अप्रैल को जब वह अपने हक के पैसे मांगने अंजू के घर पहुँची, तो आरोपी महिला अपना आपा खो बैठी। अंजू पाण्डेय ने पहले पूनम से अभद्रता कर दीं। जब पूनम ने विरोध किया, तो आरोपी महिला ने उसे सड़क पर घसीटा और बाल पकड़कर ज़मीन पर पटक दिया। इस बर्बरता के कारण पूनम के सिर और शरीर पर गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के समय वहां मौजूद हीराबाई और रजनी वर्मन ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। पूनम ने बताया कि मारपीट के बाद आरोपी महिला ने उसे डराया कि यदि वह थाने गई तो उसे जान से खत्म कर दिया जाएगा। इसी डर के कारण पीड़िता कुछ दिनों तक खौफ में रही, लेकिन आखिरकार न्याय की उम्मीद में उसने कल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की जिसके बाद आज अधारताल थाना पुलिस ने आरोपी अंजू पाण्डेय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
