जमुनिया बांध की स्थिति पर लगातार नजर

बालाघाट, जमुनिया बांध में सामने आए सीपेज के बाद जल संसाधन विभाग ने बांध की निगरानी और बढ़ा दी है। विभाग की टीम मौके पर रहकर बांध के जलस्तर और रिसाव वाले हिस्से की स्थिति पर नजर रख रही है। बांध के पास कर्मचारियों के लिए टेंट लगाए गए हैं, जहां चौबीसों घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बांध की मौजूदा स्थिति का निरीक्षण किया।

*जलस्तर घटाने के लिए नहर से पानी छोड़ा जा रहा*

बांध पर पानी का दबाव कम रखने के लिए नहर के माध्यम से पानी की निकासी की जा रही है। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार लगातार पानी बाहर निकाले जाने से बांध पर पड़ने वाला दबाव कम करने में मदद मिल रही है। सीपेज वाले स्थान पर भी कर्मचारियों द्वारा नियमित निगरानी की जा रही है। फिलहाल मौके से किसी नई गंभीर स्थिति की जानकारी सामने नहीं आई है।

*अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा*

जमुनिया बांध की स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया है। मुख्य अभियंता स्तर के अधिकारी भी बांध का जायजा ले चुके हैं। मंगलवार को भी अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचते रहे। तैनात कर्मचारियों को बांध में किसी भी परिवर्तन, रिसाव में वृद्धि या अन्य असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए हैं।

*विधायक गौरव पारधी ने बनेरा में अधिकारियों एवं ग्रामीणों संग ली बैठक*

बांध में सीपेज की जानकारी सामने आने के बाद विधायक गौरव सिंह पारधी लगातार जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में बने हुए हैं। वे अधिकारियों से बांध की वर्तमान स्थिति और किए जा रहे उपायों की जानकारी ले रहे हैं। सोमवार देर रात ग्राम बनेरा में हुई बैठक में भी विधायक ने अधिकारियों तथा आस पास के ग्रामीणों के साथ स्थिति पर चर्चा की थी।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया था कि फिलहाल बांध का जलस्तर कम करने के लिए नहर के रास्ते पानी की निकासी की जा रही है। जलस्तर नीचे आने के बाद सीपेज वाले हिस्से की तकनीकी जांच कर उसके कारणों का पता लगाया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई तय होगी। ग्रामीणों से संयम बनाए रखने तथा अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों और पशुओं को नहर के आसपास जाने से रोकने की सलाह भी दी गई है।

Next Post

आमरण अनशन के15 वे दिन मृतका के पिता को पुलिस ने उठाया ,जिला चिकित्सालय मे कराया भर्ती 

Wed Sep 16 , 2026
रीवा,  रीवा सिरमौर चौराहे पर न्याय के लिए लगभग 15 दिन से बैठे स्वर्गीय कल्पना मिश्रा के पिता राम शिरोमणि को पुलिस प्रशासन द्वारा जबरन ले जाया गया टेंट तंबू उखाड़ने का सिलसिला जारी है रामशिरोमणि को कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय में आईसीयू मे भर्ती कराया गया है अस्पताल के […]

You May Like