सिंगरौली : नगर निगम की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था को लेकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे पचखोरा, वार्ड क्रमांक 30 निवासी रिटायर्ड आर्मी मैन अरुण सिंह ने कलेक्टर से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि सड़क निर्माण के दौरान नाली का निर्माण नहीं किया गया, जिसके कारण बारिश और सीवरेज का गंदा पानी घरों में घुस रहा है। लंबे समय से पानी जमा रहने से क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध बढ़ती जा रही है।
शिकायतकर्ता के अनुसार नगर निगम द्वारा पेयजल आपूर्ति किए जाने वाले क्षेत्र में गंदा पानी जमा होने से पेयजल दूषित होने की आशंका है। इससे 100 से अधिक परिवारों पर हैजा, कालरा, डायरिया, पीलिया और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थिति बेहद गंभीर होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। अरुण सिंह ने बताया कि समस्या को लेकर जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि नगर निगम चाहे तो महज आधे घंटे में पानी की निकासी करा सकता है, फिर भी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कलेक्टर से संवेदनशील समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है।
