जबलपुर: मौसम और संभावित जलभराव की स्थिति से निपटने आपदा प्रबंधन के लिए स्थापित कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुँचाई जा सके। इसके साथ ही, शहर के सभी छोटे-बड़े नालों एवं नालियों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर सुनिश्चित हो। यह बातें नगर निगम के आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को निगम मुख्यालय के में लोककर्म, जलप्रदाय, अमृत योजना, सीएम हेल्पलाइन एवं आपदा प्रबंधन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेते हुए कही।
बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि लोकहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से कराएं। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को मैदानी स्तर पर उतरकर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। इस अवसर पर निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को कहा कि तीन महीने तक पर्यावरण संरक्षण और पानी बचाओ अभियान वार्डों में चलाएं। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का निराकरण संतुष्टिपूर्ण होना चाहिए। एल-1 और एल-2 स्तर पर ही शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए समय-सीमा तय की गई है।
प्रगतिरत सीवरेज नेटवर्क और उद्यानों के कार्यों की बढ़े गति –
बैठक के दौरान निगमायुक्त प्रमुख विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में शहर के नागरिकों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लीकेज सुधारने और टेल-एंड तक पानी पहुँचाने के निर्देश दिए गए। अमृत योजना के अंतर्गत प्रगतिरत सीवरेज नेटवर्क और उद्यानों के कार्यों की गति बढ़ाने। निर्धारित माइलस्टोन के तहत काम पूरा करने को कहा गया। बैठक में सडक़ों के संधारण, निर्माण कार्यों और अन्य अधोसंरचना विकास में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की कड़ाई से जांच करने के निर्देश निगमायुक्त ने दिए।
