ग्वालियर: भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा योजना को विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी विधेयक (बीबी-जी राम जी बिल) 2025 नाम देकर बदलने पर कांग्रेस नाराज है। कांग्रेस का कहना है कि यह नाम बदलना महज दिखावा है। असल में यह योजना को कमजोर करने का षड्यंत्र है। जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने फूलबाग स्थित गांधी उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर धरना प्रदर्शन के दौरान कही।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष यादव ने कहा कि सच्ची स्वतंत्रता तब मिलेगी जब आखिरी इंसान को रोटी, कपड़ा और मकान मिले। लेकिन आज 2025 में भी हमारे गांवों के मजदूर भाई-बहन भूखे पेट सो रहे हैं। सरकार के इस नए बिल में रोजगार के दिन 100 से बढ़ाकर 125 करने का दावा किया जा रहा है, लेकिन यह डिमांड-ड्रिवन (मांग पर आधारित) नहीं रहेगा।
यानी मजदूरों का कानूनी अधिकार छिन जाएगा अब सरकार तय करेगी कि काम कब और कैसे मिलेगा। धरने में प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, विधायक साहब सिंह गुर्जर, प्रदेश सचिव राहुल शर्मा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, महाराज सिंह पटेल, वीर सिंह तोमर, हरिओम शर्मा, इब्राहिम पठान, ऊदल सिंह यादव, जेएच जाफरी, सरमन सिंह राय, चतुर्भुज धनोलिया, हेवरन सिंह कंषाना, मेहबूब खां चेन वाले सहित अनेक कांग्रेसजन शामिल थे।
