इंदौर:अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने साथी की दृष्टिबाधित मां को छेड़छाड़ के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर न सिर्फ जेवर व नकदी लूट ली, बल्कि कार भी हड़प ली. पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद कर लिया है.एडिशनल डीसीपी आनंद यादव ने बताया कि फरियादी अभिषेक दुबे निवासी अलंकार पैलेस, केसरबाग रोड ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. उन्होंने बताया कि वे अपनी 75 वर्षीय दृष्टिबाधित मां सरोज दुबे के साथ रहते हैं और खाना पकाने में असमर्थ होने के कारण एक टिफिन सेंटर से भोजन मंगवाते हैं.
यह टिफिन सेंटर एक महिला द्वारा संचालित किया जाता है और उसकी बेटी रोजाना टिफिन लेकर दुबे परिवार के घर आती थी. इसी दौरान महिला का मुंहबोला भाई रोमित देवरे निवासी गायत्री नगर उनके घर आने-जाने लगा. फरियादी ने पुलिस को यह भी बताया कि 28 जून से 1 जुलाई के बीच रोमित ने कई बार धमकी दी कि वह टिफिन लाने वाली लड़की के साथ छेड़छाड़ की झूठी शिकायत कर देगा. उसने गाली-गलौज और मारपीट भी की और बीयर की बोतल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी.
डर के माहौल में आरोपी ने अभिषेक की दृष्टिबाधित मां के हाथों से सोने-चांदी की अंगूठियां और 19 हजार रुपए लूट लिए. इसके बाद आरोपी ने 2 लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग की और तब तक के लिए सरोज दुबे के नाम पंजीकृत कार नम्बर एमपी 09 सी क्यू 8754 के दस्तावेज सहित कार भी ले गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत चार घंटे में आरोपी रोमित देवरे को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए जेवर, नकदी और कार बरामद कर ली है. फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने इस प्रकार की धमकी और ठगी की वारदातें कहीं और भी तो नहीं की हैं.
