इंदौर:चंदननगर नाका रोड पर लंबे समय से अनदेखी झेल रही एक वितरण पैनल डीपी दोपहर हादसे का कारण बन गई. मेंटेनेंस के लिए भेजे गए बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी को अचानक उठी चिंगारियों ने झुलसा दिया, जबकि पास खड़े दो रहवासियों पर भी चिंगारियां गिरीं.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रामानंद नगर की इस डीपी में पिछले पन्द्रह दिनों से खराबी बनी हुई थी.
स्थानीय लोगों ने विभाग को कई बार मेंटेनेंस के लिए चेताया, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई. दोपहर में आउटसोर्स लाइनमैन मोहम्मद अली फेस बांधने के लिए पैनल पर चढ़े ही थे कि तेज स्पार्किंग हुई और उनका दायां हाथ बुरी तरह झुलस गया. घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया. क्षेत्रवासी ने पुलिस को बताया कि लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है. दो हफ़्ते पहले ही आउटसोर्स कर्मचारी विशाल एक पोल पर चढ़ते समय फिसलकर घायल हो था.
इसके बावजूद सुरक्षा उपकरण, मेंटेनेंस और सुपरविजन जैसे बुनियादी इंतज़ाम नहीं किए जा रहे. मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद कोई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल तक नहीं पहुंचा. रहवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर मेंटेनेंस और कर्मचारियों की सुरक्षा पर तुरंत ध्यान नहीं दिय, तो बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता. मामले में बिजली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक नहीं मिल सका. पुलिस और विभागीय टीम ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.
