जयपुर 22 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा हरियाणा चुनाव में वोट चोरी को लेकर सामने लाए गए तथ्यों पर चुनाव आयोग अभी तक जवाब नहीं दे सका है वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 272 लोगों से श्री गांधी के विरोध में पत्र लिखवाकर चुनाव आयोग की वकालत करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्री गहलोत ने अपने बयान में कहा कि चोरी पकड़े जाने के कारण इस बार 272 सांसद के आंकड़े से दूर रही भाजपा ने 272 लोगों से श्री गांधी के विरोध में पत्र लिखवाकर चुनाव आयोग की वकालत की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जिन्होंने 30-35 साल की सेवाएं ब्यूरोक्रेसी, ज्यूडिशियरी या सेना के साथ दी हैं, उनकी ओर से ऐसा पत्र दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा लगता है कि इन पर दबाव डालकर यह पत्र लिखवाया गया है।
उन्होंने कहा कि पूरा देश जान चुका है कि चुनाव आयोग पूरी तरह भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में काम कर रहा है। उच्चत्तम न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद 12 राज्यों में जल्दबाजी में विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर) कराई जा रही है।
श्री गहलोत ने कहा कि श्री गांधी देशहित में इस संस्था और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। जो लोग लोकतंत्र बचाये रखना चाहते हैं , उन्हें ऐसा पत्र चुनाव आयोग को लिखना और वोट चोरी पर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण मांगना चाहिए।
