चोट से जूझ रहे मार्क वुड हुए ऐशेज़ से बाहर

मेलबर्न 09 दिसंबर (वार्ता) इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड पर्थ में पहले ऐशेज टेस्ट के दौरान लगी बाएं घुटने की चोट के दोबारा उभरने के कारण ऐशेज सीरीज के शेष मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मैथ्यू फिशर को टीम में जगह दी गई है।

छह फ़ुट दो इंच लंबे फिशर ने अपना इकलौता टेस्ट 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। वह पहले से ही इंग्लैंड लायंस टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया में मौजूद हैं और इस सप्ताह सीनियर टीम से जुड़ जाएंगे। एडिलेड में होने वाला तीसरा टेस्ट 17 दिसंबर से शुरू होगा।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, “वुड इस सप्ताह के आखिर में स्वदेश लौटेंगे और अपने रिहैब और रिकवरी के लिए ईसीबी की मेडिकल टीम के साथ मिलकर काम करेंगे।”

वुड ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “ऐशेज के शेष मैचों से बाहर होकर बेहद दुखी हूं। सर्जरी और वापसी के लिए सात महीनों की लंबी, कड़ी मेहनत और रिहैब के बाद भी मेरा घुटना साथ नहीं दे पाया। हममें से किसी को इसकी उम्मीद नहीं थी। मैं यहां बड़ा असर डालने की पूरी उम्मीद के साथ आया था। मुझे बेहद निराशा है कि और इंजेक्शन और गहन चिकित्सकीय इलाज के बावजूद मेरे घुटने की सूजन की स्थिति हमारी आशंका से भी ज्यादा खराब है।

उन्होंने कहा, “मुझे बहुत अफ़सोस है कि मैं उम्मीद के मुताबिक़ प्रदर्शन नहीं कर पाया, लेकिन मेरी कोशिश में कोई कमी नहीं थी। आगे जो भी हो, मैं दोबारा वापसी के लिए अपनी पूरी ताकत लगाता रहूंगा। पिछले कुछ महीने बेहद कठिन रहे हैं, लेकिन मैं फिर से पूरी तरह कोशिश करने के लिए दृढ़ संकल्पित हूं। मुझे अब भी विश्वास है कि हम हालात पलट सकते हैं। कभी हार मत मानो, चलो बढ़ो, इंग्लैंड।”

 

Next Post

नाइजीरिया की मदद से तख्तापलट की कोशिश नाकाम करने में सफलता: बेनिन

Tue Dec 9 , 2025
कोटोनौ, 09 दिसंबर (वार्ता) बेनिन के राष्ट्रपति पैट्रिस टैलोन ने कहा है कि रविवार को तख्तापलट की कोशिश को नाइजीरियाई सेना की मदद से सरकारी बलों ने नाकाम कर दिया था और अब देश में स्थिति “पूरी तरह से नियंत्रण में है।” बेनिन ने 1960 में फ्रांस से आज़ादी मिलने […]

You May Like