रीवा: नगर निगम बकायादारों से वसूली को लेकर सख्त कार्यवाही करने जा रहा है. नोटिस के बाद बड़े बकायादारों की कुर्की भी की जाएगी. साथ ही प्रतिष्ठानों में तालाबंदी की तैयारी चल रही है. दरअसल करोड़ो रूपया कर का बकाया है. बार-बार नोटिस के बावजूद राशि जमा नही की जा रही है. जिसको लेकर अब नगर निगम सख्त कार्यवाही की तैयारी कर रहा है.मंगलवार को नगर निगम सहायक आयुक्त एवं राजस्व अधिकारी रामनरेश तिवारी ने राजस्व वसूली की समीक्षा की. समीक्षा के दौरान उप राजस्व निरीक्षक विष्णु लखेरा को बिना सूचना अनुपस्थित होने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए.
साथ ही उन्होंने जोनवार संपत्तिकर बिल वितरण की जानकारी लेते हुए सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों को बकायादारों को बिल वितरित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सभी वार्ड प्रभारी ई-नगरपालिका से बिल निकालकर प्रत्येक बकायादार को बिल का वितरण सुनिश्चित करें तथा इसकी जानकारी गूगल शीट पर जल्द दर्ज करें. साथ ही उन्होंने कहा कि जिन बड़े बकायादारों को जारी नोटिस की समय-सीमा पूर्ण हो चुकी है और इसके बावजूद कर जमा नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कुर्की, तालाबंदी अथवा अचल संपत्ति अधिग्रहण की कार्रवाई की जाए. उन्होंने जिन बकायादारों की डिमांड गलत दर्ज है, उसे तत्काल सुधार करवाकर संपत्तिकर जमा करवाने के निर्देश दिए. बैठक में सहायक राजस्व अधिकारी निलेश चतुर्वेदी, हेमंत त्रिपाठी, उप राजस्व निरीक्षक सुधांशु विश्वकर्मा मौजूद रहे.
