
भोपाल। टीला जमालपुरा में एक बदमाश ने जेल से छूटने के बाद अपने एक और साथी के साथ मिलकर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. रविवार को हुए हमले में घायल युवक को गंभीर चोट आई हैं, जिसका इलाज किया जा रहा है. बदमाश वारदात करने के बाद फरार हो गया, उसकी तलाश में पुलिस जुटी है.
मिली जानकारी के अनुसार बदमाश अभिषेक यादव ने अपने एक और साथी कुणाल यादव के साथ इलाके में युवक पर जानलेवा हमला किया. बताया जा रहा है कि अभिषेक ने अपने साथी के साथ यह हमला बदला लेने की भावना से किया है. बदमाशों ने जिस युवक पर हमला किया उसका नाम अमित नरवरिया है.
जानकारी के अनुसार बदमाश अभिषेक जेल से तीन दिन पहले ही ज़मानत पर बाहर आया था. जेल से आने के बाद बदमाश ने फिर से आपराधिक कृत्य करना शुरू कर दिया. अभिषेक पिछले दिनों गौतम नगर इलाके में गाड़ियों मे तोड़फोड़ के आरोप में जेल जा चुका है. इस मामले में उसने पुलिस के सामने अमित का भी नाम गाड़ियों मे तोड़फोड़ करने को लेकर लिया था. अमित को भी इसी मामले में जेल काटनी पड़ी थी. दोनों के बीच इसी बात को लेकर रविवार की सुबह बातचीत के दौरान विवाद हो गया था. आरोपी अभिषेक को लेकर यह भी जानकारी सामने आई है कि इससे पहले भी उसने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर पुलिस को चुनौती दी थी. जमानत पर रिहा होने के बाद से अभिषेक ने एक बार फिर बड़ी वारदात की. हमला करने के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे हैं. मामले की सूचना मौके पर पुलिस को दी गई. घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.
