
आलीराजपुर । मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के चतुर्दश दिवस पर जिला आलीराजपुर में विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में विविध जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, वाहन चालकों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया।
अभियान के अंतर्गत सायबर सेल एवं महिला थाना प्रभारी श्रीमती मनोरमा सिसोदिया द्वारा आलीराजपुर बस स्टॉप पर बसों एवं अन्य सार्वजनिक वाहनों पर “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के संदेशयुक्त पोस्टर लगाए गए तथा बस चालकों, परिचालकों एवं अन्य वाहन चालकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में खेल परिसर में आयोजित नशामुक्ति मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को एसडीओपी डॉ. शक्तिसिंह चौहान द्वारा शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर युवाओं से खेलों को अपनाने एवं नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया।
थाना कठ्ठीवाड़ा द्वारा सी.एम. राइज स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। वहीं चौकी छकतला द्वारा आमजन के मध्य जन-जागरूकता अभियान चलाकर नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया।
थाना नानपुर द्वारा खारी स्थित एकलव्य विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषयक नाटक प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” संदेश प्रदर्शित करते हुए भव्य मानव श्रृंखला का निर्माण किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त समाज निर्माण का प्रभावी संदेश दिया।
अभियान के तहत सायबर सेल द्वारा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” संदेश अंकित हेलमेट पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के करकमलों से वितरित किए गए। इसके उपरांत नगर में हेलमेट पहनकर भव्य जागरूकता हेलमेट रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्त जीवन का संयुक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
जिला पुलिस आलीराजपुर द्वारा अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जन-जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जाती रहेंगी।
