
रीवा, मऊगंज। मऊगंज जिले के हनुमना में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारकर कुचल दिया।
जानकारी के अनुसार हादसा हनुमना स्थित आरटीओ चेक प्वाइंट के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर बाइक सवार को रौंदते हुए निकल गया।
इस हादसे में बाइक सवार शिवेश्वर प्रसाद शुक्ला उर्फ लाला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे के बाद मौके का नजारा देखकर लोगों की रूह कांप गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रक को जब्त कर लिया है और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
