जबलपुर: गोराबाजार थाना अंतर्गत बिलहरी की गोपालपुरम कॉलोनी में सड़क पर रेत गिरवाने की बात को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि ट्रेडिंग का काम करने वाले कुलविंदर सिंह निवासी जनता स्कूल के पास ने बताया कि गोपालपुरम कॉलोनी में उनका मकान बन रहा है।
जगह की कमी के कारण उन्होंने सड़क किनारे एक डंपर रेत गिरवाई थी। इसी बात को लेकर ऋचा द्विवेदी नामक महिला ने विवाद किया। जब वे निर्माण स्थल पर पहुंचे, तो महिला ने उनके साथ झूमा-झपटी की, जिससे उनका कुर्ता फट गया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
रास्ता जाम किया, महिला के बाल पकड़कर की मारपीट, हाथ मरोड़ा
वहीं, दूसरी ओर से ऋचा द्विवेदी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सड़क पर रेत गिरने के कारण रास्ता पूरी तरह जाम था, जिससे उन्हें अपने चार साल के बच्चे को स्कूल ले जाने में भारी परेशानी हुई। ऋचा का आरोप है कि जब उन्होंने इसकी शिकायत की, तो ‘रिंकू पाजी’ उर्फ कुलविंदर सिंह ने उनके साथ अभद्रता की। आरोपी ने पीछे से उनके बाल पकड़कर मारपीट की और हाथ मरोड़ दिया, साथ ही रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
