
ब्यावरा। सिख धर्म के दसवें गुरु,श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज के 359 वे प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सोमवार को गुना रोड पर गुरुद्वारा दमदमा साहिब में श्रद्धा और उल्लास के साथ लंगर का आयोजन किया गया. हजारों की संख्या में नागरिकों ने लंगर में शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की.
गुरुद्वारा प्रमुख जबंत सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी गुरु पर्व के उपलक्ष्य में विशेष व्यवस्थाएं की गई. पिछले एक माह से प्रतिदिन गुरुद्वारे के बाहर स्टॉल लगाकर जलेबी का प्रसाद वितरित किया जा रहा था. आज गुरु पर्व के दिन प्रात: पाठ साहिब की समाप्ति के उपरांत गुरु का अटूट लंगर आरंभ किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु की अपार कृपा प्राप्त की.
धन-धन श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज को खालसा पंथ का संस्थापक कहा जाता है. उनके त्याग, बलिदान और धर्म रक्षा के संदेश को स्मरण करते हुए यह पर्व अत्यंत श्रद्धा से मनाया गया. आयोजन में विशेष रूप से एनसीसी कैडेट ने भाग लिया और सभी ने प्रसादी वितरण में सेवा निभाई. इस अवसर पर डॉ सुरजीत सिंह, संतोख सिंह अजमानी, मनप्रीत राजपाल , प्रतीक सलूजा, सुरेंद्र अजमानी, शरण कौर , पायल, काजल सहित अनेक सेवादार एवं संगतजन उपस्थित रहे और सेवा में योगदान दिया.
