कराची, 09 मई (वार्ता) पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे महिला टीम के खिलाफ यहां होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए अनकैप्ड तेज गेंदबाज अंबर कैनात को टीम में शामिल किया है। फातिमा सना की अगुवाई वाली 15 सदस्यीय टीम में दो अनकैप्ड खिलाड़ी है। इनमें से एक अंबर कैनात हैं, इसके अलावा सायरा जबीन भी हैं, जिन्होंने फरवरी में दक्षिण अफ्रीका टूर करने के बाद अपनी जगह बनाए रखी है। अंबर को हाल ही में खत्म हुए राष्ट्रीय महिला टी-20 टूर्नामेंट में इनविंसिबल्स के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में शामिल किया गया है, जहां उन्होंने 8 मैचों में 11 विकेट लिए थे।
सिदरा अमीन को टीम से बाहर रखा गया है। अमीन इस सीरीज के लिए पांच रिजर्व प्लेयर्स में शामिल हैं, साथ ही पेसर डायना बेग भी हैं। ऑफ़-स्पिनर रमीन शमीम चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका टूर से बाहर होने के बाद टीम में वापस आ गई हैं। उस टूर पर शमीम की जगह खेलने वाली उम्म-ए-हानी और हुमना बिलाल को बाहर कर दिया गया है। पहला टी-20 मैच 12 मई को खेला जाएगा, जबकि बाकी मैच 14 और 15 मई को खेले जाएंगे। सभी मैच नेशनल स्टेडियम कराची में होंगे।

