
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन द्वारा डब्ल्यूएसईसी हाई स्कूल, आशादीप एवं फुलवारी के शिक्षकों के सम्मान में सतपुड़ा क्लब में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि संगठन की अध्यक्षा पूनम खत्री तलरेजा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को दिशा देकर राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में शिक्षकों ने सामूहिक नृत्य और गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, वहीं विभिन्न खेलों ने आयोजन में उत्साह और उमंग भर दी।
समारोह में मुख्य अतिथि सहित संगठन की पदाधिकारियों ने सभी शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनके समर्पण, अथक परिश्रम और शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया। विद्यालय की प्राचार्या आशा अवस्थी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन की भावना को मजबूत करते हैं तथा उन्हें नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, सचिव निकिता सिन्हा, स्कूल प्रभारी मरियम खान, कोषाध्यक्ष चंद्रिका गुप्ता सहित संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।
