
रीवा, रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने सभी निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ निर्माण से लेकर भवन निर्माण एवं ब्रिज निर्माण तक के कार्य अपने तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण पूर्ण किये जाएं. किसी भी कार्य में अनावश्यक विलंब न हो, साथ ही निर्माण कार्य को लेकर गंभीरता न रखने वाले एवं अपूर्ण कार्य करने वाले कॉन्ट्रैक्टरों पर पेनाल्टी भी प्राथमिकता से लगाई जाए. कमिश्नर शीलेंद्र सिंह गुरुवार को एक करोड़ से अधिक के निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे थे. बैठक में सतना एवं सिंगरौली के लोक निर्माण विभाग के ईई की अनुपस्थिति पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए कमिश्नर ने उक्त दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. कमिश्नर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने मध्यप्रदेश ग्रामीण सडक़ विकास प्राधिकरण, हाउसिंग बोर्ड, मध्य प्रदेश सडक़ विकास निगम, मध्य प्रदेश सेतु विकास निगम, भवन विकास निगम आदि विभाग के एक करोड रुपए से अधिक की राशि के स्वीकृत निर्माणधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की.
कमिश्नर ने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए की वे 6 सी टाइप भवन, 12 ई टाइप भवन, मार्तंड क्रमांक 2 विद्यालय में नवीन 6 क्लास रूम का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करें, साथ ही उन्होंने निर्देश दिए की हाउसिंग बोर्ड 16 एफ टाइप भवन, 48 जी टाइप भवन, 1 डी टाइप एवं 48 एच टाइप भवन का निर्माण कार्य भी समय सीमा में पूर्ण करें. कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी अधिकारी कॉन्ट्रेक्टर से संपर्क कर उन्हें निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश जारी करें. बैठक में बताया गया कि सिरमौर चौक रीवा में 48 दुकानों का निर्माण कार्य, सिविल लाइन रीवा में हाकर्स जोन एवं पार्क का निर्माण कार्य, जिला चिकित्सालय में ओपीडी और धर्मशाला निर्माण तथा परिसर का विकास कार्य, वेंकट क्लब में नवीन भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है एवं संबंधित एजेंसी को हस्तांतरित भी कर दिया गया है.
कमिश्नर ने मध्यप्रदेश सडक़ विकास निगम द्वारा बनाए जा रहे आरओबी और वीयूपी के शेष कार्यों का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. कमिश्नर ने एनएच 75 ई सीधी-सिंगरौली खंड भरतपुर भैंसरहा से गोविंदगढ़ जिगना मार्ग का निर्माण कार्य भी समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए. ब्रिज कार्पोरेशन के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने रीवा शहर में ढेकहा तक फ्लाइ ओवर पुल, खड्डा से मुडिय़ारी रोड में बीहर नदी पुल निर्माण, केरहा घाट पर पुल निर्माण, नैना नदी पर पुल निर्माण, काकरघाट में बीहर नदी पर पुल निर्माण के कार्य की समीक्षा की और निर्देश दिए की निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता से और निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करा लिए जाएं. कमिश्नर ने निर्देश दिए की हर निर्माण कार्य में क्वालिटी का विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए. कमिश्नर ने मैहर, अमरपाटन, नागौद, रामनगर में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल( सांदीपनि स्कूल) के निर्माण कार्यों की जानकारी ली और पीआईयू के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट के अभाव में कोई भी कार्य न रुकने पाए.
