भीड़ ने डॉक्टर को घर से घसीट कर पीट-पीट कर मार डाला

शिवपुरी: शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र से सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक निजी क्लिनिक संचालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कुछ लोगों ने पहले डॉक्टर और उनके परिवार के साथ मारपीट की और बाद में उन्हें घर से घसीटकर बाहर ले गए, जहां लाठी-डंडों से हमला कर उनकी जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव करते हुए चक्काजाम किया तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मृतक की पहचान डॉक्टर प्रभान लोधी के रूप में हुई है, जो क्षेत्र में निजी स्तर पर चिकित्सा सेवा प्रदान करते थे। परिजनों का आरोप है कि उनकी हत्या सुनियोजित तरीके से की गई और यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो यह घटना टाली जा सकती थी।सुबह गांव में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान कुछ लोगों ने प्रभान लोधी और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की।

परिवार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद आरोपी दोबारा बड़ी संख्या में आए और प्रभान लोधी को घर से जबरन घसीटकर बाहर ले गए। इसके बाद उन पर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक के भतीजे देवेंद्र लोधी ने कहा कि परिवार ने पहले ही पुलिस को संभावित खतरे की जानकारी दे दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो उनके चाचा की जान बच सकती थी।

Next Post

युवक कांग्रेस की मैराथन में लगे कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे

Wed Jun 17 , 2026
ग्वालियर: मध्य प्रदेश में भी वन टाइम फीस प्रक्रिया लागू करने की मांग को लेकर ग्वालियर में आज यूथ कांग्रेस द्वारा आयोजित हुई मैराथन दौड़ में उस समय हंगामा जैसा नजारा देखने को मिला जब यूथ कांग्रेस द्वारा ही कराई जा रही मैराथन दौड़ में शामिल होने आए प्रतिभागियों ने […]

You May Like