इंडिगो बिहार से थाईलैंड के लिए शुरू करेगी नॉन-स्टॉप उड़ान

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो बिहार के गया से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लिए नॉन स्टॉप उड़ान शुरू करेगी। एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि इस सेवा की शुरुआत आगामी 26 अक्टूबर से होगी। यह सप्ताह में दो बार सोमवार और गुरुवार को उपलब्ध होगी। कंपनी का कहना है कि यह नया मार्ग इंडिगो के भारत-थाईलैंड नेटवर्क को और मजबूत करेगा, तथा सदियों से साझा बौद्ध विरासत से जुड़े इन दो महत्वपूर्ण गंतव्यों के बीच सीधा हवाई संपर्क स्थापित करेगा। यह सेवा बिहार की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा देगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक विकास को समर्थन मिलेगा।

यात्री इंडिगो की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। इंडिगो की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि गया-बैंकॉक मार्ग की शुरुआत से दोनों देशों के बीच यात्रा के विकल्प और बढ़ेंगे। यह सेवा सीधे गया को बैंकॉक से जोड़ेगी। गया में स्थित बोधगया बौद्ध धर्म के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है। थाईलैंड भी बौद्ध परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। हर साल थाईलैंड और दुनिया के अन्य देशों से बोधगया स्थित प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर आते हैं। यह नयी सीधी सेवा दोनों स्थानों के तीर्थ यात्रियों तथा अन्य पर्यटकों के लिए एक सुविधाजनक और प्रभावी विकल्प उपलब्ध करायेगी।

थाईलैंड भारतीय यात्रियों के लिए सबसे लोकप्रिय अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों में से एक बना हुआ है। इंडिगो हर सप्ताह भारत और थाईलैंड के बीच 140 से अधिक उड़ानों का परिचालन करती है। बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, मुंबई और भुवनेश्वर से बैंकॉक के लिए उसकी उड़ानें उपलब्ध हैं। इसके अलावा, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता से फुकेट तथा दिल्ली से क्राबी के लिए भी सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं।

.....

Next Post

एनए ढांचे के तहत आवंटित तलबीरा दूसरी और तीसरी कोयला खदानों ने 2025-26 में किया रिकॉर्ड उत्पादन

Mon Aug 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) ओडिशा स्थित तलबीरा दूसरी और तीसरी कोयला वित्त वर्ष 2025-26 में 191.4 लाख टन का उत्पादन किया जो एक साल पहले के मुकाबले 11.28 प्रतिशत अधिक है और अब तक का उच्चतम स्तर है। घरेलू कोयला उत्पादन और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयासों […]

You May Like