इंदौर: आईडीए में आईएसबीटी का टेंडर आ गया है. टेंडर में एक कंपनी ने आईएसबीटी को लीज पर लेने की रुचि दिखाई है. खास बात यह है कि उक्त आईएसबीटी का टेंडर डालने वाली कंपनी भी इंदौर की ही है. आईडीए ने आईएसबीटी कुमेडी के संचालन और संधारण के लिए तीसरी बार टेंडर जारी किया था. आज टेंडर खोले गए, जिसमें इंदौर के ही 567 एम.जी. रोड स्थित एम एंड पी वेयर हाउसिंग प्रा. लि. कंपनी ने रुचि दिखाई है. उक्त कंपनी ने आईएसबीटी लीज पर लेने का टेंडर डाला है. उक्त कंपनी का अभी सिर्फ नाम सामने आया है. कंपनी के टेंडर को टेक्निकल जांच और सीए के पास भेजा जाएगा.
इसके बाद आर्थिक मामले का टेंडर खोला जाएगा. आईडीए का टेक्निकल विभाग टेंडर जांचने में तय बिंदु पर परीक्षण करेगा. उसमें कंपनी द्वारा पहले किसी बस स्टैंड का संचालन और संधारण किया है क्या? उसकी आर्थिक बुक कितने की है और क्या आईडीए के नियम शर्तो का पालन कर सकेगी क्या? इसके बाद आईडीए सीए के यहां उसकी बैलेंस शीट और वर्क प्रोग्रेस देखी जाएगी. उक्त प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आईडीए द्वारा निर्धारित फाइनेंशियल बीड और अन्य विषयों पर चर्चा होगी.
नियम पर खरा उतरना जरूरी
आईडीए के सूत्रों के अनुसार उक्त टेंडर में भले ही कंपनी ने भाग लिया है, लेकिन नियम शर्तो पर जांच में खरी उतरती है, तो टेंडर पास कर करने में दिक्कत नहीं होगी. इसका कारण यह है कि आईडीए ने आईएसबीटी के लिए तीसरी बार टेंडर बुलाया है. पहली बार में सिंगल कंपनी होती तो निरस्त कर दिया जाता, लेकिन तीसरी बार में नियम अनुसार सिंगल कंपनी होने पर टेंडर देने का प्रावधान है.
