
कटनी। कुठला थाना अंतर्गत इन्द्रानगर स्थित शाल्या होटल के संचालक पर जान से नीयत से गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी सहित उसके चार साथियों को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कट्टा और दो मोटर साइकिलें (पल्सर व अपाचे) भी जब्त कर ली हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
कुठला थाने में प्रार्थी प्रेमशंकर राय (निवासी जयप्रकाश वार्ड, नई बस्ती) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 21/10/2026 की रात करीब 9 बजे वे इन्द्रानगर स्थित शाल्या होटल के ऑफिस में बैठे थे। इसी दौरान सुनील यादव अपने तीन साथियों के साथ होटल में कमरा बुक कराने आया। जब होटल संचालक ने कमरा देने से मना किया, तो आरोपी सुनील यादव ने गाली-गलौज करते हुए कट्टा निकाला और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गनीमत यह रही कि संचालक के झुक जाने से गोली बगल से निकल गई। इसके बाद चारों आरोपियों ने झूमाझटकी और मारपीट कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी, अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों (सीसीटीवी फुटेज) के आधार पर सुराग जुटाए। आरोपियों की तलाश में एक टीम को अमानगंज (जिला पन्ना) और आसपास के संभावित ठिकानों पर भेजा गया। पुलिस की इस तत्परता के परिणामस्वूप कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
सुनील यादव (पिता प्रताप सिंह यादव, उम्र 32 वर्ष) – निवासी ग्राम डोभा (थाना कोतवाली पन्ना), हाल निवासी इन्द्रानगर गली नंबर 9, कटनी (मुख्य आरोपी – जिस पर फायर करने का आरोप है) पवन यादव (पिता प्रहलाद यादव, उम्र 18 वर्ष 01 माह) – निवासी ग्राम गनियारी, थाना सेमरिया, जिला पन्ना।जयपाल उर्फ मुन्ना यादव (पिता गिरधर यादव, उम्र 25 वर्ष) – निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली, जिला पन्ना।ब्रजेश यादव (पिता प्रताप सिंह यादव, उम्र 24 वर्ष) – निवासी ग्राम डोभा, थाना कोतवाली पन्ना, जिला कटनी।
विशेष भूमिका:
इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, उप निरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उप निरीक्षक श्याम सिंह, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आलोक तिवारी, ताहिर खान तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र त्रिपाठी, विजय प्रजापति, विजय राणा, बुद्धू कुमार, मनोज सिंह, शिशिर पाण्डेय एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
