कोलंबो, 14 अक्टूबर (वार्ता) सऊदी अरब के सुप्रीम कोर्ट ने श्रीलंकाई प्रवासी मजदूर अनोज़न शिवरासा को सुनाई गई मौत की सजा को कथित तौर पर पलट दिया है। श्रीलंका मीडिया डेली मिरर के अनुसार श्री शिवरासा को सऊदी अरब की एक अपील अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। एक लंबी प्रक्रिया के बाद, उन्होंने 11 अक्टूबर 2026 को सऊदी सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की। अपील दायर होने के बाद, सुप्रीम कोर्ट ने अपील अदालत के फैसले को पलट दिया। श्रीलंका सरकार ने श्री शिवरासा की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया और इस अपील पर आगे बढ़ने के लिए सऊदी अरब में एक विशेष कानूनी प्रतिनिधिमंडल भेजा था। श्रीलंका के उप विदेश मंत्री ने भी एक फेसबुक पोस्ट में फैसले के पलटे जाने की पुष्टि की है।
श्रीलंका के उप विदेश मंत्री अरुण हेमचंद्र ने कहा कि वह सऊदी अरब सरकार के सहयोग और राजदूत, अधिकारियों, तथा श्रीलंकाई और सऊदी कानूनी टीमों के समर्पित प्रयासों के लिए शुक्रिया अदा करते हैं। सूत्रों ने बताया कि सऊदी अरब में श्रीलंका के राजदूत अमीर अजवाद ने भी श्री शिवरासा की रिहाई सुरक्षित करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों का नेतृत्व करने में अहम भूमिका निभाई। इस फैसले से श्रीलंका के लोगों ने राहत की सांस ली है। इससे पहले, मौत की सजा पाने वाली श्रीलंकाई प्रवासी मजदूर रिहाना नफीक को माफी दिलाने के प्रयासों के बावजूद फांसी दे दी गई थी।

