
जबलपुर। मप्र उच्च न्यायालय के समक्ष प्रतिदिन लगने वाले भीषण यातायात जाम से निजात दिलाने हेतु फ्लाईओवर निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष राधेलाल गुप्ता द्वारा मुख्य न्यायाधिपति, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, कलेक्टर जबलपुर, मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन, भोपाल राकेश सिंह लोक निर्माण मंत्री एवं नगर निगम जबलपुर के आयुक्त को इस संबंध में औपचारिक पत्र सौंपा गया। पत्र में उल्लेख किया गया कि उच्च न्यायालय के सामने स्थित मुख्य मार्ग पर प्रातः लगभग 10 बजे से सायं 5 बजे तक घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। इस कारण आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, वादकारियों, न्यायालयीन अधिकारियों, शासकीय कर्मचारियों एवं आपातकालीन सेवाओं को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि इस मार्ग से आवागमन लगभग असंभव हो जाता है। पत्र में यह भी बताया गया कि हाईकोर्ट चौराहे से अंबेडकर चौराहे की ओर शहर की दिशा में जाने वाले यातायात के कारण जाम की समस्या और अधिक विकराल हो जाती है। वर्तमान सड़क संरचना बढ़ते यातायात भार को वहन करने में सक्षम नहीं है। यदि हाईकोर्ट चौराहे से अंबेडकर चौराहे के आगे तक फ्लाईओवर के माध्यम से निर्बाध यातायात की व्यवस्था की जाए, तो यातायात समस्या का स्थायी समाधान संभव है।राज्य अधिवक्ता परिषद ने यह भी रेखांकित किया कि प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में फ्लाईओवर निर्माण से यातायात व्यवस्था सुगम हुई है। ऐसे में प्रदेश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था के समक्ष फ्लाईओवर एवं समुचित पार्किंग व्यवस्था का निर्माण जनहित एवं न्यायालय की गरिमा दोनों के लिए आवश्यक है।
