
ग्वालियर। राजस्व अमले द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की गई। तहसील गिरवाई के अंतर्गत ग्राम शालूपुरा एवं ग्राम पंचायत अड़ूपुरा में राजस्व अमले द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। राजस्व अमले ने तहसील गिरवाई के अंतर्गत ग्राम शालूपुरा में शासकीय भूमि सर्वे क्र.-118 रकबा 2 बीघा पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 10 छत लेवल तक बने मकान एवं करीब 18 नींव भरकर कब्जे में किए हुए प्लॉट को जेसीबी के माध्यम से हटाया गया। कब्जे में की गई जमीन की अनुमानित लागत 2 करोड़ रुपए है। उक्त कार्रवाई तहसीलदार गिरवाई दिनेश चौरसिया, राजस्व निरीक्षक नंदकिशोर गुप्ता और पटवारी रॉकी गुर्जर की उपस्थिति में की गई। ग्राम पंचायत अडूपुरा के ग्राम रवार में कुल भूमि लगभग 30 बीघा पर ग्राम के परशुराम सिंह पुत्र अर्जुन सिंह गुर्जर, संतोष पुत्र हाकिम गुर्जर एवं दलवीर पुत्र मोतीराम द्वारा सरसों की फसल कर कब्जा किया गया था। तहसीलदार दिनेश चौरसिया गिरवाई द्वारा बेदखली आदेश जारी कर राजस्व निरीक्षक नंदकिशोर गुप्ता और पटवारी रामलखन गुर्जर के साथ कार्रवाई कर खड़ी फसल का कब्जा लिया गया एवं शासकीय भूमि से इन लोगों को बेदखल किया गया।