नयी दिल्ली, 13 मई (वार्ता) केंद्रीय सरकार ने बुधवार को नागपुर एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गयी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के तौर पर विकसित किया जायेगा।
मंत्रिमंडल ने नागपुर हवाई अड्डे के लिए मिहान इंडिया लिमिटेड (एमआईएल) को दी गयी लीज की अवधि 06 अगस्त 2039 से आगे 30 साल और बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। एमआईएल भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी का संयुक्त उपक्रम है। उसने पीपीपी के तहत जीएमआर एयरपोर्ट्स लिमिटेड के साथ बनाये गये संयुक्त उपक्रम जीएमआर नागपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा को इस एयरपोर्ट के परिचालन का ठेका दिया है।
लीज की अवधि साल 2069 तक बढ़ने से जीएमआर को परिचालन का ठेका भी आगे बढ़ाया जा सकेगा और वह इसे अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में विकसित करने के काम को गति प्रदान कर सकेगी।

