नयी दिल्ली, 13 मई (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को ‘नीट-यूजी 2026 पेपर लीक’ मामले में अपनी जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में एजेंसी के अधिकारियों की एक टीम परीक्षा प्रक्रिया से संबंधित विवरण जुटाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी स्थित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के मुख्यालय पहुंची।
सूत्रों के अनुसार, पांच सदस्यीय सीबीआई टीम ने एनटीए मुख्यालय का दौरा किया और तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा से जुड़े कथित लीक और अनियमितताओं की चल रही जांच के हिस्से के रूप में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की। एजेंसी परीक्षा के संचालन, आंतरिक संवाद, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल डेटा और गोपनीय परीक्षा सामग्री के प्रबंधन से जुड़े विस्तृत रिकॉर्ड मांग रही है। शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की लिखित शिकायत पर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के एक दिन बाद सीबीआई ने यह कदम उठाया है।
देशभर के 22 लाख से अधिक उम्मीदवारों के लिए आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा को उन आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था, जिनमें कहा गया था कि परीक्षा से पहले प्रसारित एक ‘गेस पेपर’ वास्तविक पेपर के कई प्रश्नों से काफी हद तक मेल खाता था। सीबीआई पहले ही विशेष जांच दल गठित कर चुकी है और लीक के स्रोत का पता लगाने तथा इस मामले में शामिल व्यापक नेटवर्क की पहचान करने के लिए कई राज्यों में अधिकारियों को भेजा है। अधिकारियों के डिजिटल साक्ष्य, संचार रिकॉर्ड और उस शृंखला की जांच किये जाने की उम्मीद है, जिसके माध्यम से परीक्षा से पहले लीक हुई सामग्री प्रसारित की गयी होगी।

