मुंबई, 30 अगस्त (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने अगस्त के पहले चार सप्ताह में 30 अगस्त तक भारतीय पूंजी बाजार में 26,824 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। शुद्ध निवेश बाजार में लगाई गयी पूंजी और बाजार से निकाली गयी पूंजी का अंतर है।
यह लगातार तीसरा महीना है जब एफपीआई बाजार में लिवाल रहे हैं। इससे पहले जुलाई में उन्होंने 40,031 करोड़ रुपये का निवेश किया था। जून में उनका निवेश 4,669 करोड़ रुपये रहा था।
केंद्रीय डिपॉजिटरी सेवा के आंकड़ों के अनुसार एफपीआई ने अगस्त में इक्विटी में अपना निवेश 30,919 करोड़ रुपये बढ़ा दिया। वहीं, डेट, म्यूचुअल फंड और हाइब्रिड उपकरणों से उन्होंने शुद्ध रूप से निकासी की यानी इनमें उनका निवेश घट गया।
एफपीआई ने अगस्त में डेट से 1,403 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की। म्यूचुअल फंड में उनका निवेश 52 करोड़ रुपये कम हो गया। हाइब्रिड उपकरणों में भी उन्होंने 2,640 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।
एफपीआई ने इस साल अब तक भारतीय पूंजी बाजार से 1,46,018 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है। इसमें अकेले इक्विटी में उनका निवेश 2,23,154 करोड़ रुपये कम हुआ है। डेट और म्यूचुअल फंड में वे शुद्ध रूप से लिवाल रहे हैं जबकि हाइब्रिड उपकरणों में उन्होंने बिकवाली ज्यादा की है।
